अमेठी में 6 से 15 अप्रैल तक फार्मर रजिस्ट्री अभियान, किसानों से अनिवार्य रूप से पंजीकरण कराने की अपील।

अमेठी में 6 से 15 अप्रैल तक फार्मर रजिस्ट्री अभियान, किसानों से अनिवार्य रूप से पंजीकरण कराने की अपील।

अमेठी। उप कृषि निदेशक सत्येन्द्र कुमार ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार जनपद में दिनांक 06 से 15 अप्रैल 2026 तक विशेष कैम्प लगाकर किसान पहचान पत्र (फार्मर रजिस्ट्री) बनाने का अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि भविष्य में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की धनराशि केवल उन्हीं कृषकों को प्रदान की जाएगी, जिनकी फार्मर रजिस्ट्री पूर्ण होगी। प्रथम चरण में कृषि विभाग अपनी लाभार्थीपरक योजनाओं—जैसे उर्वरक, बीज, कीटनाशी एवं अन्य कृषि इनपुट—के वितरण एवं लाभार्थियों के चयन में किसान पहचान पत्र को आधार बनाएगा। द्वितीय चरण में अन्य विभाग भी किसान पहचान पत्र के आधार पर ही लाभार्थियों का चयन एवं योजनाओं का लाभ वितरण करेंगे। इसके अलावा न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर गेहूं, धान, दलहन एवं सरसों जैसी फसलों की खरीद भी बिना फार्मर रजिस्ट्री के नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि वर्तमान में जनपद में अनुदानित रासायनिक उर्वरकों का वितरण सहकारिता विभाग द्वारा प्राथमिक कृषि सहकारी समितियों (PACs) एवं निजी विक्रेताओं के माध्यम से पीओएस मशीनों द्वारा किया जा रहा है। माह मई 2026 से यह वितरण भी किसान पहचान पत्र एवं फार्मर रजिस्ट्री के आधार पर ही किया जाएगा। उप कृषि निदेशक ने जनपद के सभी किसानों से अपील की है कि वे शीघ्र ही अपनी फार्मर रजिस्ट्री पूर्ण करा लें, ताकि भविष्य में उन्हें पीएम किसान सम्मान निधि, डीएपी, यूरिया, कीटनाशी एवं अन्य योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने बताया कि किसान अपनी रजिस्ट्री के लिए पंचायत सहायक, रोजगार सेवक, कृषि विभाग के कार्मिकों, पंचायत सचिव, लेखपाल एवं नजदीकी जन सुविधा केंद्र से संपर्क कर सकते हैं।

जिला संवाददाता ओम नारायण मिश्रा अमेठी 

 

 

 

 

0Shares

उत्तर प्रदेश की आवाज व भारत की हुंकार राष्ट्रीय द्विभाषी दैनिक समाचार पत्र - अमेठी सुमन पर आपका स्वागत है उत्तर प्रदेश से सम्बंधित सभी ख़बरों के लिए अभी सदस्यता लें चैनल को सब्सक्राइब करके। धन्यवाद |
सम्‍पादक - अंशुमान सिंह , मो0 - 9454872315

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You May Like