तेज़ रफ्तार का कहर: खड़ी पिकअप से टकराई बाइक, युवक की मौत
अमेठी जनपद में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला, जहां एक तेज रफ्तार बाइक सवार युवक अनियंत्रित होकर सड़क पर खड़ी पिकअप से टकरा गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि पिकअप वाहन में खराबी आने के चलते वह दोपहर से ही सड़क के बीचो-बीच खड़ी थी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस की निष्क्रियता के कारण यह हादसा हुआ, क्योंकि समय रहते वाहन को हटवाया नहीं गया।
ग्रामीणों के अनुसार, रात्रि में तेज रफ्तार से आ रहा युवक खड़ी पिकअप को नहीं देख सका और सीधी टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। शोरगुल की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए ट्रामा सेंटर भेजा, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान चंदे प्रजापति, निवासी ठकुराइन का पुरवा, थाना जगदीशपुर, जनपद अमेठी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मृतक के परिवार में छोटे-छोटे बच्चे हैं। परिजनों एवं स्थानीय लोगों ने प्रशासन से न्याय और मुआवजे की मांग की है।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है। यह हादसा जगदीशपुर थाना क्षेत्र के रानीगंज के पास का बताया जा रहा है।




