₹4,850 करोड़ की तीन राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का शिलान्यास, कानपुर-लखनऊ एलिवेटेड हाईवे राष्ट्र को समर्पित
लाखों यात्रियों को मिलेगा सीधा लाभ, उत्तर प्रदेश के विकास को मिलेगी नई रफ्तार
रिपोर्टर राजू मोहन पांडे
लखनऊ/कानपुर। उत्तर प्रदेश को सड़क एवं परिवहन अवसंरचना के क्षेत्र में एक बड़ी सौगात मिली है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी ने लगभग ₹4,850 करोड़ से अधिक लागत की तीन राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का शिलान्यास करने के साथ ही बहुप्रतीक्षित कानपुर-लखनऊ एलिवेटेड हाईवे का लोकार्पण किया। इस ऐतिहासिक अवसर पर केंद्र और प्रदेश सरकार के कई वरिष्ठ मंत्री, जनप्रतिनिधि तथा भाजपा के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में देश के रक्षा मंत्री एवं लखनऊ के सांसद श्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ, उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष एवं कानपुर कैंट के विधायक श्री सतीश महाना, कानपुर के सांसद श्री रमेश अवस्थी, उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य, उपमुख्यमंत्री श्री ब्रजेश पाठक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री पंकज चौधरी, केंद्रीय राज्य मंत्री श्री अजय टम्टा, राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा, राज्यसभा सांसद श्री सुधांशु त्रिवेदी, सरोजनी नगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह सहित अनेक मंत्री, सांसद, विधायक एवं भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री श्री नितिन गडकरी ने कहा कि केंद्र सरकार देशभर में विश्वस्तरीय सड़क नेटवर्क विकसित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। बेहतर कनेक्टिविटी से न केवल यात्रा सुगम होगी, बल्कि उद्योग, व्यापार, निवेश और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। वहीं मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश में एक्सप्रेस-वे और आधुनिक सड़क नेटवर्क के क्षेत्र में अग्रणी राज्यों में शामिल हो चुका है और नई परियोजनाएं प्रदेश के समग्र विकास को नई दिशा देंगी।
कानपुर-लखनऊ एलिवेटेड हाईवे के शुरू होने से दोनों महानगरों के बीच यात्रा पहले की अपेक्षा अधिक तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक हो जाएगी। इससे प्रतिदिन लाखों यात्रियों, नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों, व्यापारियों तथा परिवहन क्षेत्र से जुड़े लोगों को समय और ईंधन की बचत का सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही यातायात का दबाव कम होगा और क्षेत्र में औद्योगिक एवं आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।
विशेषज्ञों का मानना है कि इन राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं के पूर्ण होने से उत्तर प्रदेश की कनेक्टिविटी और अधिक मजबूत होगी, जिससे प्रदेश की आर्थिक प्रगति, निवेश और क्षेत्रीय विकास को दीर्घकालिक लाभ प्राप्त होगा। यह परियोजनाएं विकसित भारत के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही हैं।



