डेढ़ करोड़ की ज्वेलरी लूट का खुलासा, दो शातिर बदमाश गिरफ्तार
राकेश कुमार मिश्रा, संवाददाता
लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ की दक्षिणी जोन पुलिस एवं सर्विलांस सेल ने गोसाईंगंज क्षेत्र में सुनार को गोली मारकर की गई करीब डेढ़ करोड़ रुपये की लूट की सनसनीखेज वारदात का सफल खुलासा करते हुए दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण, एक अवैध 0.32 बोर पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस तथा वारदात में प्रयुक्त चोरी की अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है
पुलिस के अनुसार, 23 जून 2026 को गोसाईंगंज थाना क्षेत्र के बंगला भवानी मंदिर के पास ज्वैलर्स सचिन कुमार वर्मा अपनी तथा अपने भाई की दुकान के सोने-चांदी के आभूषण बैग में रखकर स्कूटी से घर जा रहे थे रात करीब 8:30 बजे तीन बदमाशों ने उनकी स्कूटी रोककर लूट का प्रयास किया विरोध करने पर बदमाशों ने उनके पैर में गोली मार दी और आभूषणों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। इस संबंध में थाना गोसाईंगंज में मुकदमा दर्ज किया गया था
घटना के खुलासे के लिए पुलिस उपायुक्त दक्षिणी के निर्देश पर चार टीमों का गठन किया गया पुलिस ने करीब 600 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सर्विलांस की मदद से इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जुटाए इसके आधार पर पुलिस ने दहेरामऊ अंडरपास के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवम यादव उर्फ कुंदन (24 वर्ष) और अंकुल यादव उर्फ गोले (20 वर्ष) निवासी थाना सिकरारा, जनपद जौनपुर के रूप में हुई है पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पहले ज्वैलर्स की दुकानों और उनके आने-जाने के समय की रेकी करते थे। इसके बाद चोरी की मोटरसाइकिल से वारदात को अंजाम देते थे। विरोध करने पर गोली मारकर आभूषण लूटकर फरार हो जाते थे पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने गोसाईंगंज के अलावा रायबरेली के मिल एरिया तथा चंदौली के अलीनगर में भी सुनारों को गोली मारकर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। इसके अतिरिक्त उन्होंने हजरतगंज क्षेत्र से मोटरसाइकिल चोरी की घटना भी स्वीकार की है
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने के हार, लॉकेट, अंगूठियां, बाली, नथ, मांगबेदी, झाला सहित बड़ी संख्या में सोने-चांदी के आभूषण, एक अवैध पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस तथा चोरी की अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद माल की अनुमानित कीमत करीब 1.50 करोड़ रुपये बताई गई है
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। वहीं, फरार आरोपी सोनू यादव की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं
इस उल्लेखनीय सफलता पर पुलिस उपायुक्त दक्षिणी ने सर्विलांस सेल और थाना गोसाईंगंज की संयुक्त पुलिस टीम को 25 हजार रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया है।



