बैटरी स्कूटी शोरूम में भीषण आग, 20 ई-स्कूटी जलकर राख
जामों (अमेठी)। जामों ब्लॉक मुख्यालय स्थित थाना परिसर के समीप श्री श्याम बैटरी स्कूटी शोरूम में बुधवार देर रात अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे शोरूम को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वहां खड़ी लगभग 20 बैटरी स्कूटियां जलकर पूरी तरह राख हो गईं।
शोरूम संचालक ने बताया कि प्रतिदिन की तरह बुधवार शाम शोरूम बंद करते समय मुख्य विद्युत आपूर्ति (एमसीबी) बंद कर दी गई थी। इसके अलावा शोरूम में बाहर से प्रवेश का कोई रास्ता या खुली खिड़की भी नहीं थी। ऐसे में आग किन परिस्थितियों में लगी, यह अभी तक रहस्य बना हुआ है।
घटना में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। सूचना मिलने पर स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाने के बाद नुकसान का आकलन किया गया। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
जिला संवाददाता: ओम नारायण मिश्रा, अमेठी




