सरोजनीनगर में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का ऐतिहासिक स्वागत, जनसैलाब ने किया जोरदार अभिनंदन
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन के सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र में प्रथम आगमन पर अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला। सरोजनीनगर के लोकप्रिय विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह के नेतृत्व में आयोजित भव्य स्वागत समारोह में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, महिलाओं, युवाओं एवं स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल रहा और कार्यकर्ताओं का जोश देखते ही बन रहा था।
राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत के लिए प्रमुख मार्गों और कार्यक्रम स्थल को भगवा ध्वजों, बैनरों एवं स्वागत द्वारों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। जैसे ही उनका काफिला कार्यक्रम स्थल पर पहुंचा, कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर उनका जोरदार स्वागत किया। पूरे क्षेत्र में “जय श्रीराम”, “नितिन नवीन जिंदाबाद”, “नरेंद्र मोदी जिंदाबाद”, “योगी आदित्यनाथ जिंदाबाद” तथा “राजेश्वर सिंह जिंदाबाद” के नारों से वातावरण गूंज उठा।
इस अवसर पर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने राष्ट्रीय अध्यक्ष का पुष्पगुच्छ एवं माल्यार्पण कर अभिनंदन किया। कार्यक्रम में भाजपा के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे। वक्ताओं ने संगठन की मजबूती, राष्ट्र निर्माण में कार्यकर्ताओं की भूमिका तथा केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर प्रकाश डाला।
समारोह के दौरान अनुशासन और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। बड़ी संख्या में उपस्थित कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रति अपना उत्साह एवं समर्थन व्यक्त किया। सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित यह स्वागत समारोह भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए यादगार अवसर साबित हुआ।



