उत्तर प्रदेश जिला मान्यता प्राप्त पत्रकार समिति का प्रथम स्थापना दिवस समारोह धूमधाम से संपन्न, पत्रकारों का हुआ सम्मान
लखनऊ। उत्तर प्रदेश जिला मान्यता प्राप्त पत्रकार समिति (रजि.) का प्रथम स्थापना दिवस समारोह रविवार को लाटूश रोड स्थित शिमला पैलेस में भव्य एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से बड़ी संख्या में पत्रकार बंधुओं ने भाग लेकर संगठन की एकता और पत्रकारिता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया।
कार्यक्रम के दौरान समिति के अध्यक्ष श्री हरीश तिवारी, महासचिव आशीष तिवारी एवं संयोजक राजेंद्र गुप्ता, गंगेश पाठक संगठन मंत्री ने अतिथियों और पत्रकारों का स्मृति चिन्ह, पटका, मोमेंटो, परिचय-पत्र (कार्ड) एवं माल्यार्पण कर सम्मानित किया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में अशोक बाजपेई उपस्थित रहे। उनके साथ अनेक विशिष्ट अतिथियों एवं गणमान्य नागरिकों ने भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। वक्ताओं ने पत्रकारिता के महत्व, निष्पक्ष एवं निर्भीक पत्रकारिता की आवश्यकता तथा समाज के प्रति पत्रकारों की जिम्मेदारियों पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारियों ने पत्रकारों के हितों की रक्षा, उनके सम्मान एवं संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम का समापन सभी अतिथियों एवं पत्रकार साथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ।




