उर्वरक की कालाबाजारी पर कृषि विभाग सख्त, दो प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई।
अमेठी। जनपद में किसानों को निर्धारित दरों पर गुणवत्तापूर्ण उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए कृषि विभाग द्वारा लगातार निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिला कृषि अधिकारी देवेन्द्र सिंह निरंजन ने 24 जुलाई 2026 को अपनी टीम के साथ जनपद के विभिन्न उर्वरक, बीज एवं कीटनाशी विक्रय प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मुस्कान खाद भंडार, रजेखता (पलिया पश्चिम) तथा गुप्ता खाद भंडार, शुकुल बाजार के अभिलेख अपूर्ण पाए गए। साथ ही यूरिया उर्वरक के साथ जिंक की टैगिंग करने एवं निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर उर्वरक बिक्री किए जाने की शिकायतों के आधार पर संबंधित प्रतिष्ठानों के उर्वरक प्राधिकार पत्र निलंबित करने की कार्रवाई की गई। इसके अतिरिक्त मौर्य बीज भंडार, जैनबगंज तथा मौर्य बीज भंडार, हरखूमऊ पर उपलब्ध कीटनाशियों के संबंध में अथॉरिटी लेटर प्रस्तुत न किए जाने पर नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि वर्तमान समय में जनपद में 15,148 मीट्रिक टन यूरिया, 4,232 मीट्रिक टन डीएपी तथा 2,025 मीट्रिक टन एनपीके उर्वरक उपलब्ध है, जिसकी बिक्री किसानों के मध्य नियमित रूप से की जा रही है। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा तथा उर्वरकों की सुचारु उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण अभियान निरंतर जारी रहेगा।




