रिश्वत लेते वीडियो वायरल होने पर ट्रैफिक सिपाही सस्पेंड,
सीओ मुसाफिरखाना को सौंपी गई जांच
जगदीशपुर अमेठी। जगदीशपुर क्षेत्र में ड्यूटी के दौरान एक ट्रक चालक से कथित तौर पर रुपये लेते हुए यातायात पुलिस के एक सिपाही का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग ने त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) टी. सर्वणन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित ट्रैफिक सिपाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच क्षेत्राधिकारी (सीओ) मुसाफिरखाना को सौंप दी गई है।
वायरल वीडियो में यातायात सिपाही जगदीशपुर पुलिस बूथ चौराहे पर ड्यूटी के दौरान एक ट्रक पर चढ़कर चालक से रुपये लेते हुए दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद यह मामला चर्चा का विषय बन गया, जिसके बाद पुलिस विभाग ने तत्काल संज्ञान लेते हुए कार्रवाई शुरू की।
एसपी टी. सर्वणन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जांच पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ की जाए। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित पुलिसकर्मी के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई के साथ-साथ आवश्यक विधिक कार्रवाई भी की जाएगी।
वहीं, सीओ मुसाफिरखाना ने बताया कि वायरल वीडियो की सत्यता, घटना के समय की परिस्थितियों और उससे जुड़े सभी तथ्यों की गहन जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार और अनुशासनहीनता के मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।




