विद्यालय के लिए निकला छात्र रहस्यमय परिस्थितियों में लापता, परिजनों ने दर्ज कराई गुमशुदगी
अमेठी। जनपद के जामों ब्लॉक अंतर्गत ग्राम राम बख्शगढ़, थाना जामों निवासी सुरेश कुमार कश्यप का पुत्र अनिकेत कश्यप शनिवार सुबह लगभग 7 बजे घर से विद्यालय जाने के लिए निकला था, लेकिन देर शाम तक घर वापस नहीं लौटा। छात्र के अचानक लापता होने से परिवार में चिंता और बेचैनी का माहौल है।
परिजनों ने पहले अपने स्तर पर रिश्तेदारों एवं आसपास के क्षेत्रों में अनिकेत की काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद जब विद्यालय में जानकारी की गई तो पता चला कि अनिकेत उस दिन विद्यालय पहुंचा ही नहीं था।
सभी संभावित स्थानों पर खोजबीन के बाद भी कोई जानकारी न मिलने पर परिजनों ने थाना जामों पहुंचकर अनिकेत की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और छात्र की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को अनिकेत कश्यप के संबंध में कोई भी जानकारी मिले तो तत्काल थाना जामों या उसके परिजनों को सूचित करें, ताकि छात्र को सकुशल उसके परिवार तक पहुंचाया जा सके।
जिला संवाददाता: ओम नारायण मिश्रा



