जामो क्षेत्र में बरौलिया पुलिस चौकी का शुभारंभ, सुरक्षा व्यवस्था को मिलेगी नई मजबूती
अमेठी। जनपद के जामो थाना क्षेत्र स्थित बरौलिया में शनिवार को नई पुलिस चौकी का विधिवत शुभारंभ किया गया। पुलिस अधीक्षक श्री सरवणन टी. ने फीता काटकर एवं शिलापट्ट का अनावरण कर चौकी का उद्घाटन किया। उन्होंने चौकी परिसर का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को बेहतर पुलिसिंग और जनसुनवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उद्घाटन समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक ने बच्चों को अपने हाथों से मिठाइयाँ वितरित कीं तथा उनसे बातचीत कर शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि बरौलिया पुलिस चौकी के शुरू होने से आसपास के गांवों के लोगों को पुलिस सेवाएं पहले की अपेक्षा अधिक शीघ्र मिल सकेंगी। साथ ही क्षेत्र में गश्त, अपराध नियंत्रण और शांति व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जाएगा।
उन्होंने लोगों से कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास व सहभागिता से ही सुरक्षित समाज की स्थापना संभव है
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी गौरीगंज अखिलेश वर्मा, अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। इस दौरान क्षेत्र के सम्मानित नागरिक राम सुंदर, दीपू, अमर बहादुर, संदीप सिंह, शनि, जितेंद्र सिंह, मोहम्मद तौफीक, असलम और सुरेश मिश्रा सहित अनेक ग्रामीण भी उपस्थित रहे। सभी ने नई पुलिस चौकी के शुभारंभ पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया।



