नीलमथा में रेलवे का बुलडोजर अभियान, अवैध कारोबारियों को दी कड़ी चेतावनी

नीलमथा में रेलवे का बुलडोजर अभियान, अवैध कारोबारियों को दी कड़ी चेतावनी

संवाददाता राकेश मिश्रा

लखनऊ। रेलवे प्रशासन द्वारा रेलवे भूमि पर अवैध कब्जों और अनधिकृत व्यावसायिक गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नीलमथा डिप्टीगंज क्रॉसिंग क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की गई। डिप्टीगंज क्रॉसिंग से लेकर उतरेटिया रेलवे स्टेशन तक रेलवे की भूमि पर अवैध रूप से जमा की गई मोरंग एवं गिट्टी को जेसीबी मशीनों की सहायता से हटाकर भूमि को समतल कराया गया। इस कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया।

अभियान के दौरान रेलवे के सीनियर सेक्शन इंजीनियर (एसएसई) आर.के. मिश्रा के नेतृत्व में ट्रैक मेंटेनेंस टीम मौजूद रही। वहीं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए उतरेटिया रेलवे चौकी प्रभारी संजय कुमार अपने पुलिस बल के साथ मौके पर तैनात रहे। प्रशासनिक निगरानी में पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई।

मौके पर आर.के. मिश्रा ने बताया कि गेट संख्या 204-स्पेशल से उतरेटिया रेलवे स्टेशन की अप लाइन से सटी रेलवे भूमि पर कुछ व्यक्तियों द्वारा लंबे समय से मोरंग और गिट्टी का अवैध भंडारण कर व्यवसाय किया जा रहा था। रेलवे अधिकारियों के निर्देश पर अतिक्रमण हटाने की यह कार्रवाई की गई है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि रेलवे की भूमि और संपत्ति पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा अथवा व्यावसायिक गतिविधि किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। रेलवे प्रशासन अपनी संपत्तियों की सुरक्षा और अतिक्रमण मुक्त अभियान को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

रेलवे प्रशासन ने अवैध कारोबारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि भविष्य में यदि किसी व्यक्ति द्वारा रेलवे भूमि पर दोबारा अतिक्रमण करने अथवा अवैध व्यापार संचालित करने का प्रयास किया गया, तो उसके विरुद्ध रेलवे अधिनियम एवं अन्य संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।

रेलवे की इस कार्रवाई को अतिक्रमण मुक्त अभियान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे रेलवे संपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ अवैध गतिविधियों पर भी प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा।

0Shares

उत्तर प्रदेश की आवाज व भारत की हुंकार राष्ट्रीय द्विभाषी दैनिक समाचार पत्र - अमेठी सुमन पर आपका स्वागत है उत्तर प्रदेश से सम्बंधित सभी ख़बरों के लिए अभी सदस्यता लें चैनल को सब्सक्राइब करके। धन्यवाद |
सम्‍पादक - अंशुमान सिंह , मो0 - 9454872315

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You May Like