पोते ने ही रची थी बाबा की हत्या की साजिश, अमेठी पुलिस ने 24 घंटे में किया खुलासा
अमेठी जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के लोढ़ियावां गांव में बुजुर्ग हीरालाल दुबे उर्फ बदलू दुबे की हत्या के मामले का अमेठी पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या की साजिश में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो बाल अपचारियों को नियमानुसार निगरानी में लिया गया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पिस्टल और कारतूस भी बरामद किए हैं।
लोढ़ियावां निवासी हीरालाल दुबे (75) की 8 जून की सुबह उस समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जब वह शौच के लिए खेत की ओर गए थे। मामले में मृतक के परिजन वीरेन्द्र कुमार द्विवेदी की तहरीर पर जगदीशपुर थाने में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. के निर्देश पर गठित टीम ने स्वाट और सर्विलांस टीम की मदद से जांच शुरू की।
पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि हत्या की साजिश मृतक के ही पोते ने रची थी। जांच में सामने आया कि वर्ष 2016-17 में हाईवे निर्माण के दौरान अधिग्रहित भूमि के बदले हीरालाल दुबे को करीब 85 लाख रुपये का मुआवजा मिला था। मुआवजे की रकम और संपत्ति को लेकर परिवार में विवाद चल रहा था। आरोप है कि मृतक अपने भतीजे वीरेन्द्र दुबे को संपत्ति देने की बात कर रहे थे, जिससे उनका पोता नाराज था। इसी रंजिश में उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई।
पुलिस के अनुसार, आरोपी सुशील कुमार यादव उर्फ विनय यादव (22) निवासी लोशनापुर और एक अन्य बाल अपचारी ने हत्या के लिए पिस्टल और कारतूस की व्यवस्था की थी। 8 जून की सुबह तीनों ने रेकी कर हीरालाल दुबे को गोली मार दी। पुलिस ने सुशील यादव को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में धारा 103(1), 3(5), 61(2) बीएनएस तथा शस्त्र अधिनियम की धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।



