ट्रेन हादसे में मां-बेटी व बेटा समेत तीन की मौत
जगदीशपुर अमेठी।
कोतवाली क्षेत्र के बाजार शुक्ल मोड़ स्थित रेलवे ट्रैक के पास बीती रात एक दर्दनाक हादसे में मां-बेटी समेत तीन लोगों की मौत हो गई। घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, अज्ञात परिस्थितियों में एक महिला अपनी दो संतानों के साथ रेलवे ट्रैक के पास पहुंच गई, जहां ट्रेन की चपेट में आने से महिला और उसकी बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल एक नाबालिग बच्चे को पुलिस द्वारा तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई बाद में मृत महिला की पहचान रीता 26 वर्ष पत्नी कन्हैयालाल लोधी, निवासी उरवा थाना जगदीशपुर, जनपद अमेठी के रूप में हुई। मृतकों में उसके दोनों बच्चे आदित्य 6 वर्ष और वैष्णवी 4 वर्ष भी शामिल हैं परिजनों के अनुसार, रीता अपने ससुराल से अलग रह रही थी। घटना से पहले वह शाम को अपने कमरे में ताला बंद कर कहीं चली गई थी। उसके पति कन्हैयालाल अमृतसर में काम करते हैं। घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आ सका है। मृतका के भाई और ससुर भी हादसे के कारणों को लेकर कुछ स्पष्ट नहीं बता पा रहे हैं सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुटी हुई है।



