कच्ची दीवार बनी काल, मलबे में दबकर मां-बेटी की मौत, बेटा गंभीर
अमेठी। जामो थाना क्षेत्र के घाटमपुर ग्राम पंचायत अंतर्गत पूरे परमेश्वरी गांव में शनिवार तड़के एक हृदयविदारक हादसे ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया। घर में सो रही एक महिला और उसकी मासूम बेटी की कच्ची दीवार गिरने से दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, कमलेश कुमारी (35 वर्ष) पत्नी ओमप्रकाश अपने पुत्र दीपांशु (8 वर्ष) और पुत्री आशी (7 वर्ष) के साथ घर में सो रही थीं। देर रात करीब 3 से 4 बजे के बीच अचानक घर की कच्ची दीवार भरभराकर गिर गई। दीवार गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।
ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद तीनों को मलबे से बाहर निकालकर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जामो पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने कमलेश कुमारी और उनकी पुत्री आशी को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल दीपांशु की हालत नाजुक होने पर उसे बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है तथा गांव में मातम का माहौल बना हुआ है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है।
जिला संवाददाता ओम नारायण मिश्रा अमेठी




