श्याम करन सिंह बने भाजपा मंडल मंत्री, कार्यकर्ताओं में उत्साह, संगठन को मिलेगी नई मजबूती

राजा फतेहपुर/अमेठी। भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक विस्तार एवं मजबूती की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए श्याम करन सिंह को राजा फतेहपुर मंडल का मंडल मंत्री नियुक्त किया है। यह नियुक्ति मंडल अध्यक्ष सत्य नारायण सिंह की संस्तुति पर की गई। नियुक्ति की घोषणा के साथ ही भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों में हर्ष और उत्साह का माहौल देखने को मिला।

नवनियुक्त मंडल मंत्री श्याम करन सिंह ने राज्यमंत्री राजा मयंकेश्वर सिंह जी की गरिमामयी उपस्थिति में अपने पद का विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनका पुष्पगुच्छ एवं मिठाई खिलाकर भव्य स्वागत किया और नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
पदभार ग्रहण करने के बाद श्याम करन सिंह ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व एवं संगठन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका निर्वहन वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ करेंगे। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की जनकल्याणकारी नीतियों एवं केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ-साथ संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य करेंगे।
उन्होंने कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी ताकत है और सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर संगठन हित में पूरी सक्रियता एवं समर्पण के साथ कार्य किया जाएगा। उनका उद्देश्य संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना तथा आमजन की अपेक्षाओं पर खरा उतरना रहेगा।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष सत्य नारायण सिंह सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने श्याम करन सिंह को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल एवं उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की। उपस्थित नेताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि उनके अनुभव, सक्रिय कार्यशैली एवं संगठन के प्रति समर्पण से भाजपा को मंडल स्तर पर नई मजबूती मिलेगी तथा आगामी संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति प्राप्त होगी। पदभार ग्रहण समारोह के दौरान कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल रहा।




