बरामदे में सो रहे नेत्रहीन वृद्ध की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, हत्या और जंगली जानवर के हमले दोनों एंगल पर जांच
अमेठी के जगदीशपुर कोतवाली क्षेत्र के गड़रियाडीह ग्राम पंचायत के पहाड़पुर गांव में शनिवार देर रात बरामदे में सो रहे 75 वर्षीय नेत्रहीन वृद्ध की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। रविवार सुबह उनका शव खून से लथपथ मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर फोरेंसिक और वन विभाग की टीम की मदद से जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान मोहम्मद अहमद (75) पुत्र मोहम्मद जमा के रूप में हुई है। ग्रामीणों के अनुसार वह घर में अकेले रहते थे और शनिवार रात बरामदे में सो रहे थे। रविवार सुबह पड़ोसी महिला असगरी उनके लिए नाश्ता लेकर पहुंची तो उन्हें खून से लथपथ पड़ा देखा। इसके बाद उन्होंने शोर मचाया और ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर जगदीशपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। क्षेत्राधिकारी मुसाफिरखाना अतुल सिंह तथा अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस टीम को शीघ्र घटना के खुलासे के निर्देश दिए। फोरेंसिक टीम और वन विभाग ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए हैं।
ग्रामीणों के अनुसार मोहम्मद अहमद की कोई संतान नहीं थी और वह अकेले रहते थे। उनके नाम लगभग ढाई बीघा जमीन है, जिसके चलते जमीन विवाद की आशंका भी जताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक सरवणन टी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला जंगली जानवर के हमले का प्रतीत होता है, लेकिन सिर पर गंभीर चोट के कारण पुलिस हत्या सहित सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



