रातभर बिजली कटौती से बेहाल जामो की जनता, समाधान की मांग को लेकर भूख हड़ताल पर बैठे समाजसेवी; आंदोलन की चेतावनी

रातभर बिजली कटौती से बेहाल जामो की जनता, समाधान की मांग को लेकर भूख हड़ताल पर बैठे समाजसेवी; आंदोलन की चेतावनी

जामो पावर हाउस क्षेत्र में विगत कई दिनों से जारी अघोषित एवं अनियमित विद्युत कटौती के विरोध में स्थानीय नागरिकों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। भीषण गर्मी के बीच विशेषकर रात्रिकाल में घंटों विद्युत आपूर्ति बाधित रहने से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।

क्षेत्रीय नागरिकों एवं व्यापारियों का कहना है कि दिनभर मेहनत-मजदूरी तथा व्यापारिक गतिविधियों में व्यस्त रहने के पश्चात लोग रात्रि में शांतिपूर्वक विश्राम की अपेक्षा रखते हैं, किंतु जामो पावर हाउस की बदहाल व्यवस्था एवं लगातार हो रही बिजली कटौती ने लोगों की दिनचर्या को अस्त-व्यस्त कर दिया है।

लगातार हो रही विद्युत बाधा का सर्वाधिक दुष्प्रभाव बुजुर्गों, हृदय रोगियों एवं गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों पर पड़ रहा है। उमस भरी गर्मी में बिजली न रहने से मरीजों की तबीयत बिगड़ने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं, जिससे क्षेत्रीय नागरिकों में विद्युत विभाग के प्रति गहरा असंतोष व्याप्त है।

इसी जनसमस्या को लेकर समाजसेवी शनी श्रीवास्तव चित्रवंशी ने गांधी चबूतरा स्थल पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल प्रारंभ कर दी है। भूख हड़ताल के माध्यम से उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों से रात्रिकालीन अघोषित कटौती पर तत्काल रोक लगाने तथा विद्युत व्यवस्था को सुचारु एवं पारदर्शी बनाए जाने की मांग की है।

भूख हड़ताल को स्थानीय व्यापारियों, युवाओं एवं आम नागरिकों का व्यापक समर्थन प्राप्त हो रहा है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि विद्युत विभाग द्वारा शीघ्र समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो व्यापारी वर्ग एवं क्षेत्रीय जनता व्यापक जनआंदोलन करने को बाध्य होगी, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन एवं विद्युत विभाग की होगी।

क्षेत्रीय नागरिकों ने जिला प्रशासन से हस्तक्षेप कर जामो क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त कराने तथा उपभोक्ताओं को राहत प्रदान करने की मांग की है।

जिला संवाददाता ओम नारायण मिश्रा

0Shares

उत्तर प्रदेश की आवाज व भारत की हुंकार राष्ट्रीय द्विभाषी दैनिक समाचार पत्र - अमेठी सुमन पर आपका स्वागत है उत्तर प्रदेश से सम्बंधित सभी ख़बरों के लिए अभी सदस्यता लें चैनल को सब्सक्राइब करके। धन्यवाद |
सम्‍पादक - अंशुमान सिंह , मो0 - 9454872315

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You May Like