
सुल्तानपुर- मोतिगरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रैबीज के इंजेक्शजन का पैसा लेते हुए एक फार्मासिस्ट का वीडियो वायरल हो गया। इस पर सीएमओ ने फार्मासिस्ट को अपने कार्यालय से अटैच करते हुए जांच शुरू करा दी जबकि सीएचसी अधीक्षक को वहां से हटाकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर भेज दिया गया है।मोतिगरपुर में रैबीज के इंजेक्शन का 50-50 रुपये लिए जाने का मामला सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। एक युवक से 500 रुपये लेते हुए फार्मासिस्ट का वीडियो वायरल हो गया। पैसा देने वाले ने आरोप लगाया है कि हर बार इंजेक्शन के पचास रुपये यहां लिए जाते हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने पर सीएमओ डॉ. ओम प्रकाश चौधरी ने तीन सदस्यीय कमेटी बनाकर जांच शुरू करा दी है।सीएमओ ने बताया कि जांच कमेटी में एसीएमओ डॉ. राधा वल्लभ,डिप्टी सीएमओ डॉ. लालजी और एओ योगेंद्र सिंह शामिल हैं। वीडियो में दिख रहे फार्मासिस्ट कमलेश्वर प्रसाद पांडेय को कार्यालय से अटैच कर दिया गया है। अस्पताल के अधीक्षक डॉ.शैलेश को हटाकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अमऊ जासरपुर में तैनात कर दिया गया है। उनके स्थान पर वहां तैनात डॉ. गिरीशचंद्र को अधीक्षक बनाया गया है।




