श्रीराम मंदिर दान प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन
अमेठी। अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में दान एवं चढ़ावे से जुड़े कथित अनियमितता प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी अमेठी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को जोरदार प्रदर्शन किया। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम में कांग्रेसजनों ने जिलाधिकारी के माध्यम से महामहिम राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपते हुए मामले की स्वतंत्र एवं पारदर्शी जांच कराने की मांग उठाई। ज्ञापन उपजिलाधिकारी प्रीति तिवारी को सौंपा गया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप सिंघल ने कहा कि श्रीराम मंदिर केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था, विश्वास और भावनाओं का प्रतीक है। ऐसे पवित्र स्थल से जुड़े दान एवं चढ़ावे के संबंध में सामने आ रही कथित अनियमितताओं की खबरों ने देशभर के श्रद्धालुओं को चिंतित किया है। उन्होंने कहा कि धर्म और आस्था के नाम पर किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सरकार ने एसआईटी का गठन तो कर दिया, लेकिन अब तक एफआईआर दर्ज न होना जांच प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने मांग की कि प्रकरण में तत्काल एफआईआर दर्ज कर स्वतंत्र एजेंसी से निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
सांसद किशोरी लाल शर्मा के निर्देश एवं जिला अध्यक्ष प्रदीप सिंघल के नेतृत्व में आयोजित ज्ञापन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने धर्म और आस्था से जुड़े इस मुद्दे पर सरकार से जवाबदेही तय करने तथा पारदर्शी जांच कराने की मांग को लेकर अपनी आवाज बुलंद की।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक राधेश्याम धोबी, फतेह बहादुर, नगर पालिका परिषद जायस की अध्यक्ष मनीषा चौहान, कांग्रेस प्रवक्ता अनिल सिंह, किरण देवी, ब्लॉक प्रमुख सदाशिव यादव, अर्जुन पासी, राजू पंडित, गीता सिंह, रामलखन शुक्ला, राजीव सिंह, सूर्यभान तिवारी, ममता पांडेय, शुभम सिंह, सुमित तिवारी, मोहम्मद मतीन, देवमणि तिवारी, अरविंद चतुर्वेदी, अजय सिंह, तुलसीराम पासी सहित पांचों विधानसभा क्षेत्रों के प्रभारी, ब्लॉक अध्यक्ष, वरिष्ठ कांग्रेसजन एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
जिला संवाददाता : ओम नारायण मिश्र, अमेठी




