करंट लगने से 14 वर्षीय किशोर की मौत, परिजनों ने विद्युत विभाग पर लापरवाही का लगाया आरोप..
अमेठी जिले के भाले सुल्तान शहीद स्मारक थाना अंतर्गत दिछौली गांव में रविवार को करंट लगने से 14 वर्षीय किशोर की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में शोक का माहौल है।
मृतक की पहचान सोनू (14) पुत्र राम मनोहर के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, गांव में बिजली के तार लंबे समय से नीचे लटक रहे थे। इसकी शिकायत कई बार विद्युत विभाग से की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। रविवार को खेलते समय सोनू कथित रूप से गिरे हुए विद्युत तार की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया।
परिजन आनन-फानन में उसे ट्रामा सेंटर जगदीशपुर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।
परिजनों ने हादसे के लिए विद्युत विभाग की कथित लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिए जाने की मांग की है। वहीं, विद्युत विभाग की ओर से इस संबंध में तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।




