लखनऊ में रेस्टोरेंट के बाहर फायरिंग से मचा हड़कंप, 3 आरोपी गिरफ्तार, मुख्य शूटर फरार
संवाददाता राकेशकमार मिश्रा
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के थाना सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र स्थित जन्नत बार एंड रेस्टोरेंट के बाहर जन्मदिन की पार्टी के दौरान हुई फायरिंग की घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि फायरिंग करने वाला मुख्य आरोपी सौरभ सिंह चौहान अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के अनुसार, 12/13 जून 2026 की रात कुछ युवक अपने मित्र डब्बू सिंह का जन्मदिन मनाने के लिए वाहन संख्या UP32NR3546 महिंद्रा XUV300 से जन्नत बार एंड रेस्टोरेंट पहुंचे थे। पार्टी के दौरान नशे में धुत कुछ युवक बार-बार डीजे कंसोल पर चढ़कर डांस करने का प्रयास कर रहे थे। बार के कर्मचारियों और बाउंसरों द्वारा मना करने पर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई, जो बाद में गाली-गलौज और हाथापाई में बदल गई।
पुलिस के मुताबिक, बाउंसरों द्वारा युवकों को बार के बाहर निकाले जाने के बाद विवाद और बढ़ गया। इसी दौरान आरोपी सौरभ सिंह चौहान अपनी काले रंग की स्कॉर्पियो (UP32QK6865) के पास पहुंचा और वहां से असलहा निकालकर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। फायरिंग की घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना के संबंध में वादी दिलीप कुमार पुत्र राम प्रकाश निवासी जगनपुर, थाना रुरा, जनपद कानपुर देहात की तहरीर पर थाना सुशांत गोल्फ सिटी में मुकदमा संख्या 370/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त अमरेन्द्र कुमार सेंगर एवं संयुक्त पुलिस आयुक्त अपराध एवं मुख्यालय अपर्णा कुमार के निर्देश पर पुलिस उपायुक्त दक्षिणी अमित कुमार आनंद, अपर पुलिस उपायुक्त दक्षिणी रल्लापल्ली वसंथ कुमार तथा सहायक पुलिस आयुक्त गोसाईगंज ऋषभ यादव के पर्यवेक्षण में विशेष टीमों का गठन किया गया। प्रभारी निरीक्षक राजीव रंजन उपाध्याय के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने घटना में शामिल तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमन यादव (20 वर्ष), विनायक यादव (22 वर्ष) और सुधांशु यादव (21 वर्ष) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि जन्मदिन की पार्टी के दौरान नशे की हालत में डीजे कंसोल पर चढ़ने से रोकने पर विवाद हुआ था, जिसके बाद सौरभ सिंह चौहान ने स्कॉर्पियो से असलहा निकालकर फायरिंग की थी।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त महिंद्रा XUV300 वाहन को सीज कर दिया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, मुख्य आरोपी सौरभ सिंह चौहान सहित अन्य फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। मामले की जांच जारी है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का भी खुलासा होने की संभावना है।




