सदरैन में जनसुनवाई का आयोजन, विधायक प्रतिनिधियों ने सुनीं क्षेत्रवासियों की समस्याएं
संवाददाता : राकेश कुमार मिश्रा
लखनऊ। सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र के सदरैन गांव में विधायक राजेश्वर सिंह के निर्देश पर जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता करते हुए अपनी समस्याएं विधायक प्रतिनिधियों के समक्ष रखीं। इस दौरान सड़क, नाली, जल निकासी, स्ट्रीट लाइट तथा अन्य जनसुविधाओं से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रूप से उठाई गईं।
जनसुनवाई में विधायक प्रतिनिधि डॉ. अखिलेश सिंह, मुकेश कुमार यादव, रागिनी कटिहार, सविता गोयल, वेद मिश्रा एवं अरुण मिश्रा मौजूद रहे। उन्होंने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर शीघ्र समाधान कराने का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. अखिलेश सिंह ने कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सरकार और जनप्रतिनिधियों की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि विधायक राजेश्वर सिंह के नेतृत्व में सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति दी जा रही है तथा क्षेत्रवासियों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों और सुझावों को संबंधित विभागों तक पहुंचाकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी। साथ ही विकास कार्यों की निगरानी भी लगातार की जा रही है ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
जनसुनवाई में मौजूद लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा सीधे जनता के बीच पहुंचकर समस्याएं सुनना लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करता है। इससे लोगों को अपनी बात रखने का अवसर मिलता है और समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया में तेजी आती है।
सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुए इस कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। क्षेत्रवासियों ने विश्वास व्यक्त किया कि विधायक राजेश्वर सिंह के नेतृत्व में सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र विकास के नए आयाम स्थापित करेगा और जनसुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का प्रभावी समाधान होगा।



