महिला सुरक्षा को लेकर लखनऊ पुलिस का बड़ा अभियान, कई ऑटो और ई-रिक्शा सीज
लखनऊ। राजधानी में महिला सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए लखनऊ पुलिस ने ऑटो एवं ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले कई वाहनों को सीज किया गया तथा चालकों का सत्यापन भी किया गया।
यातायात पुलिस की ओर से चलाए गए इस अभियान का नेतृत्व डीसीपी यातायात रवीना त्यागी ने स्वयं हजरतगंज चौराहे पर पहुंचकर किया। इस दौरान ऑटो और ई-रिक्शा चालकों के दस्तावेजों की जांच की गई तथा संदिग्ध चालकों का सत्यापन कराया गया।
हाल के दिनों में महिलाओं से जुड़ी घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने सार्वजनिक परिवहन वाहनों पर विशेष निगरानी बढ़ाई है। अभियान के दौरान बिना वैध दस्तावेज, नियमों का उल्लंघन करने वाले तथा संदिग्ध गतिविधियों में पाए गए वाहनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई।
डीसीपी यातायात रवीना त्यागी ने कहा कि महिला सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था पुलिस की प्राथमिकता है। सभी वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करना चाहिए, अन्यथा उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
लखनऊ पुलिस का यह विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में ऑटो, ई-रिक्शा और अन्य सार्वजनिक वाहनों की सघन जांच की जाएगी।




