मेदांता अस्पताल के सामने अतिक्रमण बना बड़ी समस्या, राहगीरों और वाहन चालकों को हो रही परेशानी
संवाददाता : राकेश कुमार मिश्रा
लखनऊ। राजधानी के थाना सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र स्थित मेदांता अस्पताल के सामने बढ़ते अतिक्रमण ने आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सड़क किनारे अवैध रूप से लग रही चाय, पान, गुटखा एवं खाने-पीने की दुकानों के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है, जबकि पैदल चलने वालों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार दुकानों के सामने खड़े होने वाले दोपहिया और चारपहिया वाहनों से सड़क की चौड़ाई कम हो जाती है, जिससे अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को भी इस अव्यवस्था का सामना करना पड़ता है।
फुटपाथों पर किए गए अतिक्रमण के चलते राहगीरों के लिए सुरक्षित रास्ता नहीं बचा है। मजबूरन लोगों को सड़क पर चलना पड़ता है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
अतिक्रमण के साथ-साथ क्षेत्र में गंदगी की समस्या भी बढ़ रही है। दुकानों के आसपास फैला कचरा और प्लास्टिक अपशिष्ट स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावित कर रहे हैं।

कि मेदांता अस्पताल के निकट स्थित शहीद पथ राजधानी का महत्वपूर्ण मार्ग है, जहां से प्रतिदिन हजारों वाहनों के साथ-साथ वरिष्ठ अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का भी आवागमन होता है। इसके बावजूद अतिक्रमण की समस्या लगातार बनी हुई है।

स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम, यातायात पुलिस एवं प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया जाए और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।




