अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत
जगदीशपुर-अमेठी।
भाले सुल्तान शहीद स्मारक थाना क्षेत्र के अंतर्गत लखनऊ-वाराणसी फोरलेन हाईवे पर चकबहेर गांव के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कंजास गांव निवासी पवन कुमार मौर्य (30) पुत्र राम बहादुर मुसाफिरखाना बाजार से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह चकबहेर गांव के निकट पहुंचे, तभी एक अज्ञात पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पवन कुमार मौर्य की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही भाले सुल्तान शहीद स्मारक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
प्रभारी निरीक्षक अजयेंद्र पटेल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान कर उसके चालक की तलाश में जुटी हुई है।




