जामों में निकाला गया कैंडल मार्च, मृत छात्रों को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि
अमेठी, जामों। लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र स्थित एक कोचिंग सेंटर में लगी भीषण आग की घटना में 15 छात्रों की दर्दनाक मृत्यु से पूरे प्रदेश में शोक की लहर है। इस हृदयविदारक हादसे से व्यथित जामों कस्बे के नागरिकों, व्यापारियों, समाजसेवियों एवं छात्र-छात्राओं ने मृतक छात्रों की स्मृति में कैंडल मार्च निकालकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कैंडल मार्च का आयोजन जामों कस्बे में किया गया, जो गांधी प्रतिमा स्थल से प्रारंभ होकर गौरीगंज मोड़ स्थित देवी मंदिर तक निकाला गया। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में लोगों ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर दिवंगत छात्रों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए शैक्षणिक संस्थानों में सुरक्षा मानकों के कड़ाई से पालन की आवश्यकता पर बल दिया।
कैंडल मार्च में व्यवसायी प्रेम शंकर पांडेय, अजय दुबे, कृष्णा पांडेय, अनिल गुप्ता, ब्रजेश उपाध्याय, शनिदेव चित्रवंशी, संतोष सिंह, शिवांश मिश्रा, रोहित बारी, सुनील सिंह, राहुल अग्रहरि, संदीप मिश्रा, विष्णु मोदनवाल, देव मिश्रा, रत्नेश अग्रहरि सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
जिला संवाददाता : ओम नारायण मिश्र, अमेठी




