अमेठी: आठ दिन बाद भी चोरी की एफआईआर में कार्रवाई ठप, ग्रामीणों में रोष
अमेठी। थाना जामो क्षेत्र के ग्राम दुलापुर में आठ दिन पहले हुई चोरी की घटना में पुलिस की कार्रवाई ठप पड़ी है। पीड़ित परिवार व ग्रामीणों ने नाराजगी जताते हुए त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम दुलापुर निवासी अशुमान सिंह पुत्र अमर सिंह ने 19 अगस्त 2025 को थाना जामो में तहरीर दी थी कि वे अपने नाना के साथ गांव में रहते थे। सात मई 2025 को नाना का निधन हो गया था। इसके बाद वे कुछ समय के लिए गांव से बाहर थे। घटना वाले दिन जब वे घर लौटे तो दरवाजे का ताला टूटा मिला और अंदर का सामान बिखरा पड़ा था।
तहरीर में दर्ज विवरण के अनुसार चोर गले का हार, झुमके, झाला,मांगबिंदी, मंगलसूत्र, सोने की चेन, दो पायल, चांदी की पाजेब, चार महिला अंगूठियां, चार पुरुष अंगूठियां, एक एलईडी टीवी, एक इंडक्शन चूल्हा, छह चांदी के सिक्के और पचास हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी तत्काल डायल 112 पर दी गई थी।
पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर एफआईआर संख्या 0183/2025 धारा 305, 331(4) भारतीय न्याय संहिता 2023 के तहत दर्ज की और जांच की जिम्मेदारी हेड कांस्टेबल यादव को सौंपी। SHO जामो द्वारा एफआईआर की कॉपी शिकायतकर्ता को उपलब्ध कराई गई।
लेकिन घटना के आठ दिन बीत जाने के बाद भी न तो किसी आरोपी की पहचान हो पाई है और न ही चोरी गया सामान बरामद हुआ है। ग्रामीणों ने पुलिस की निष्क्रियता पर सवाल उठाते हुए चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे सामूहिक रूप से उच्च अधिकारियों से हस्तक्षेप की मांग करेंगे।




