राजधानी में स्ट्रीट लाइट चोरी का खुलासा, कैसरबाग पुलिस ने दो अभियुक्तों को दबोचा
राजधानी लखनऊ के थाना कैसरबाग क्षेत्र में सार्वजनिक संपत्तियों की चोरी करने वाले दो शातिर अभियुक्तों को पुलिस ने गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई 13 स्ट्रीट लाइटें बरामद की हैं, जिन्हें विभिन्न क्षेत्रों से चोरी कर बेचने की तैयारी की जा रही थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में लगातार स्ट्रीट लाइट चोरी होने की घटनाएं सामने आ रही थीं, जिसके बाद थाना कैसरबाग पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच प्रारंभ की। पुलिस टीम द्वारा घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से परीक्षण किया जा रहा था तथा संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी रखी जा रही थी।
इसी दौरान पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली कि चोरी की वारदातों में शामिल दो युवक सआदत अली मकबरा पार्क के पास मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने अपनी पहचान अल्तमश खान पुत्र स्वर्गीय बदरुद्दीन निवासी कुतुबपुर चमन पार्क थाना हसनगंज तथा सोहेल पुत्र इस्लाम निवासी कुतुबपुर थाना हसनगंज के रूप में बताई। जांच के दौरान दोनों के पास से चोरी की 13 स्ट्रीट लाइटें बरामद की गईं।
थाना प्रभारी अंजनी कुमार मिश्रा ने बताया कि दोनों आरोपी लंबे समय से सार्वजनिक स्थलों पर लगी स्ट्रीट लाइटों को निशाना बनाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध धारा 317(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक चंदन कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक अरविंद कुमार, उपनिरीक्षक प्रशांत कुमार एवं कांस्टेबल अनिल शर्मा की अहम भूमिका रही।



