भक्ति का भाव जब सिर चढ़कर बोलता है, तब सेवा के रूप में होता है भंडारे का आयोजन
संवाददाता राकेश कुमार मिश्रा
लखनऊ। ज्येष्ठ माह के पावन मंगलवार के अवसर पर निर्मल एजुकेशन एंड वेलफेयर सोसायटी द्वारा कायरा कॉम्प्लेक्स स्थित शीतला लीगल एसोसिएट्स परिसर, कल्याणपुर, लखनऊ में श्रद्धा, भक्ति एवं सेवा भाव से विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर भगवान श्रीराम एवं संकटमोचन हनुमान जी का आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीराम एवं हनुमान जी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना तथा भजन-कीर्तन के साथ हुआ। इसके उपरांत प्रभु को पूरी, सब्जी, छोले, चावल एवं बूंदी का भोग अर्पित किया गया। भोग लगने के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद स्वरूप भोजन वितरित किया गया। पूरे आयोजन के दौरान “जय श्रीराम” और “जय हनुमान” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
श्रद्धालुओं ने इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम समाज में सेवा, सहयोग, समर्पण और भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं। भक्ति और जनसेवा का यह संगम सामाजिक सौहार्द का प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत करता है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त उप पुलिस अधीक्षक के.के. सिंह चौहान, पुलिस मित्र परिवार के संरक्षक जितेन्द्र सिंह एवं सरिता सिंह, शंकरपुरवा प्रथम वार्ड की सभासद नमिता यादव, पूर्व सभासद पंकज यादव, पूर्व मंडल अध्यक्ष के.पी. सिंह, शंकरपुरवा द्वितीय वार्ड की पार्षद शिवम उपाध्याय, वरिष्ठ अधिवक्ता अगेन्द्र सिन्हा, एस.एल. दुबे, नरेन्द्र कुमार शुक्ला, आशीष शुक्ला, नितिन एस. परिहार, दीपु सहित अनेक गणमान्य अधिवक्ता एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त समाजसेवी रुचि मिश्रा, मंजुलिका, प्रभा जी, सहकार भारती लखनऊ महानगर के अध्यक्ष पीयूष तथा अन्य सम्मानित नागरिकों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर आयोजन की गरिमा बढ़ाई।
अंत में सोसायटी के पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों, क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में धार्मिक चेतना के साथ-साथ सेवा और सामाजिक समरसता को भी प्रोत्साहित करते हैं। उपस्थित जनसमूह ने भंडारे को धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।




