संदिग्ध परिस्थितियों में ट्रेन से कट कर अधेड़ की हुई मौत।
अमेठी जिले के कमरौली थाना क्षेत्र अंतर्गत बीती रात्रि में संदिग्ध परिस्थितियों में एक अधेड़ की ट्रेन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर जांच तथा आवश्यक वैधानिक कार्यवाही में जुटी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कमरौली थाना क्षेत्र अंतर्गत इंडस्ट्रियल एरिया कठौरा स्थित मोती दुबे का पुरवा गांव के पास रेलवे क्रॉसिंग पर बीती रात करीब 1:30 बजे के लगभग एक अधेड़ की ट्रेन के चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। रेलवे से प्राप्त सूचना के आधार पर मौके पर पहुंची पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर पहचान किया तो पता चला कि मृतक जयप्रकाश गिरी (55) पुत्र कन्हैयालाल गिरी निवासी पुरे गोसाई थाना कमरौली का रहने वाला है। घटना की जानकारी पुलिस ने परिजनों को दिया। जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
कमरौली थाने के प्रभारी मुकेश पटेल ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही रात्रि में ही मौके पर पुलिस पहुंच गई। लाश की पहचान कराई गई परिजनों को भी सूचित किया गया। मौके पर पहुंचे परिजनों के सामने लाश का पंचायतनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना के संबंध में परिजनों से पूछताछ और जानकारी एकत्रित की जा रही है कि आखिर जयप्रकाश किन परिस्थितियों में आधी रात को रेलवे ट्रैक पर आया था। जांच के बाद आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।



