अमेठी में “स्कूल चलो अभियान 2026-27” का शुभारंभ, बच्चों को वितरित किए गए बैग व पाठ्यपुस्तकें।

अमेठी में “स्कूल चलो अभियान 2026-27” का शुभारंभ, बच्चों को वितरित किए गए बैग व पाठ्यपुस्तकें।

विकास भवन के प्रेरणा सभागार में सजीव प्रसारण के साथ हुआ कार्यक्रम, जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों की रही उपस्थिति।

 

अमेठी। जनपद वाराणसी स्थित कंपोजिट विद्यालय शिवपुर में माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की अध्यक्षता में “स्कूल चलो अभियान” शैक्षिक सत्र 2026-27 का भव्य शुभारंभ किया गया। इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनपद अमेठी के विकास भवन स्थित प्रेरणा सभागार में आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं अधिकारियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि उपस्थित रहे। उनके साथ जिलाधिकारी संजय चौहान, मुख्य विकास अधिकारी सचिन कुमार सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। सजीव प्रसारण के दौरान पचेहरी विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, एआरपी एवं जनपद के उत्कृष्ट अध्यापकों ने मुख्यमंत्री के संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना। प्रसारण उपरांत जिलाधिकारी संजय चौहान द्वारा नवीन शैक्षिक सत्र में प्राथमिक विद्यालय माधवपुर में नामांकित छात्र-छात्राओं का स्वागत किया गया। इस अवसर पर बच्चों को स्कूल बैग एवं स्टेशनरी वितरित की गई, जिससे उनमें शिक्षा के प्रति उत्साह बढ़े। इसके साथ ही विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण भी किया गया, ताकि कोई भी बच्चा संसाधनों के अभाव में शिक्षा से वंचित न रह जाए। कार्यक्रम में बेसिक शिक्षा विभाग की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं नामांकन अभियान में सराहनीय योगदान देने वाले 11 शिक्षकों को जिलाधिकारी द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। इस सम्मान से शिक्षकों का उत्साहवर्धन हुआ और अन्य शिक्षकों को भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिली। जिला पंचायत अध्यक्ष ने अपने संबोधन में कहा कि “स्कूल चलो अभियान” प्रदेश सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य प्रत्येक बच्चे को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज के विकास का आधार है और इसके माध्यम से ही एक सशक्त एवं आत्मनिर्भर राष्ट्र का निर्माण संभव है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों का नामांकन नजदीकी परिषदीय विद्यालयों में अवश्य कराएं और उन्हें नियमित रूप से विद्यालय भेजें। साथ ही उन्होंने शिक्षकों से भी अपेक्षा की कि वे बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करते हुए उन्हें एक बेहतर भविष्य की ओर अग्रसर करें। जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि “स्कूल चलो अभियान” को जनआंदोलन का रूप दें। उन्होंने कहा कि सभी लोग अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार करें तथा घर-घर जाकर यह सुनिश्चित करें कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी द्वारा शिक्षा जागरूकता के प्रचार-प्रसार हेतु एलईडी वैन एवं प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। ये वाहन जनपद के विभिन्न विकास खंडों में जाकर लोगों को शिक्षा के प्रति जागरूक करेंगे और नामांकन अभियान को गति देंगे। कार्यक्रम का सफल संचालन खंड शिक्षा अधिकारी गौरीगंज अर्जुन सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर रमेश सिंह (समग्र शिक्षा), स्टेनो विनीत शुक्ला, जिला समन्वयक गोविंद शुक्ला, अरुण त्रिपाठी सहित अन्य तयगणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

ओम नारायण मिश्रा

 जिला संवाददाता

अमेठी सुमन

अमेठी

0Shares

उत्तर प्रदेश की आवाज व भारत की हुंकार राष्ट्रीय द्विभाषी दैनिक समाचार पत्र - अमेठी सुमन पर आपका स्वागत है उत्तर प्रदेश से सम्बंधित सभी ख़बरों के लिए अभी सदस्यता लें चैनल को सब्सक्राइब करके। धन्यवाद |
सम्‍पादक - अंशुमान सिंह , मो0 - 9454872315

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You May Like