केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर अमेठी में प्रबुद्धजन एवं मीडिया संवाद कार्यक्रम आयोजित
अमेठी। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर समेकित जनकल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान के तहत जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर, गौरीगंज में प्रबुद्धजन संवाद एवं मीडिया संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री (महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार) एवं जनपद प्रभारी मंत्री श्रीमती प्रतिभा शुक्ला मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। प्रभारी मंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रबुद्धजनों के विचार सुने तथा उनके सुझावों का स्वागत करते हुए विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को साकार करने के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया।
मीडिया से संवाद करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के मूल मंत्र के साथ सरकार ने समाज के हर वर्ग को मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य किया है।
उन्होंने प्रधानमंत्री जन-धन योजना, स्वच्छ भारत मिशन, मेक इन इंडिया, डिजिटल इंडिया, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान सम्मान निधि, मुद्रा योजना, स्टार्टअप इंडिया और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं से करोड़ों लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आया है।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि आज भारत वैश्विक मंच पर एक सशक्त राष्ट्र के रूप में उभर रहा है तथा रक्षा, कृषि, चिकित्सा और तकनीकी क्षेत्रों में आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
कार्यक्रम को जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश कुमार अग्रहरि, जिलाधिकारी संजय चौहान एवं भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला ने भी संबोधित किया। उन्होंने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पात्र लाभार्थियों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
इस अवसर पर इंदिरा गांधी नर्सिंग कॉलेज, मुंशीगंज की छात्राओं ने भी केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं और नीतियों पर अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू, जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार द्विवेदी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी पन्नालाल, पीडी डीआरडीए ऐश्वर्य यादव, जिला विकास अधिकारी वीरभानु सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय तिवारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, छात्र-छात्राएं, प्रबुद्धजन एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट : रिंकी सिंह अमेठी




