संजय गांधी राजकीय पॉलीटेक्निक जगदीशपुर में वृक्षों की नीलामी 5 जून को, इच्छुक फर्मों से आवेदन आमंत्रित।
अमेठी। संजय गांधी राजकीय पॉलीटेक्निक, जगदीशपुर में स्थापित किए जा रहे टाटा टेक्नोलॉजी लिमिटेड के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस परियोजना के निर्माण कार्य को सुचारु रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से निर्माण कार्य में बाधक वृक्षों की नीलामी आगामी 5 जून 2026 को आयोजित की जाएगी। यह जानकारी देते हुए संस्थान के प्रधानाचार्य रामरतन ने बताया कि वृक्षों की नीलामी 5 जून 2026 को अपराह्न 12:30 बजे संस्थान परिसर में गठित समिति की उपस्थिति में संपन्न कराई जाएगी। नीलामी प्रक्रिया में भाग लेने के लिए इच्छुक व्यक्ति एवं फर्में निर्धारित समय पर उपस्थित होकर बोली लगा सकती हैं। उन्होंने बताया कि वन विभाग द्वारा वृक्षों का निर्धारित मूल्य 27 हजार रुपये तय किया गया है। इस मूल्य से कम की कोई भी बोली स्वीकार नहीं की जाएगी। सर्वाधिक बोली लगाने वाले व्यक्ति अथवा फर्म को नियमानुसार वृक्षों के कटान एवं उठान की अनुमति प्रदान की जाएगी। प्रधानाचार्य ने स्पष्ट किया कि नीलामी में भाग लेने वाली फर्म का जीएसटी के अंतर्गत पंजीकृत होना अनिवार्य है। साथ ही नीलामी प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद सामग्री उठाने से पूर्व निर्धारित धनराशि संस्थान के लेखालिपिक के पास जमा करना भी आवश्यक होगा। उन्होंने बताया कि इच्छुक व्यक्ति एवं फर्में नीलामी से पूर्व संस्थान परिसर में पहुंचकर वृक्षों का निरीक्षण कर सकती हैं। नीलामी संबंधी समस्त कार्यवाही संस्था स्तरीय समिति की निगरानी में पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई जाएगी। इसके अतिरिक्त नीलामी से संबंधित किसी भी विषय पर अंतिम निर्णय लेने का अधिकार संस्थान के प्रधानाचार्य के पास सुरक्षित रहेगा।




