तेज रफ्तार का कहर, बाइक हादसे में युवक की मौत, एक गंभीर
वीरेंद्र तिवारी की रिपोर्ट
कमरौली,अमेठी। में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां बाइक सवार दो युवक डिवाइडर से टकरा गए। हादसा इतना भीषण था कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना कमरौली थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे पर गढ़ा के पास की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई, जिससे जोरदार टक्कर हुई और दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को इलाज के लिए ट्रामा सेंटर जगदीशपुर भिजवाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल युवक को बेहतर इलाज के लिए लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान विजयभान, निवासी पूरे कलंदर, अचलपुर जामो (अमेठी) के रूप में हुई है, जबकि घायल युवक सूरज कुमार, निवासी पूरे तिवारी, पलिया पश्चिम, थाना कमरौली बताया जा रहा है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है।




