अमेठी में अग्नि सचेतक प्रशिक्षण अभियान, ग्रामीण युवाओं को आग से बचाव के गुर सिखाए
संवाददाता – गंगेश पाठक
अमेठी। पुलिस महानिदेशक (अग्निशमन एवं आपात सेवा) लखनऊ के आदेशानुसार तथा पुलिस अधीक्षक अमेठी श्रीमती अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में आज अग्निशमन एवं आपात सेवा केंद्र अमेठी पर अग्नि सचेतक प्रशिक्षण अभियान चलाया गया। इस दौरान विभिन्न ग्राम सभाओं से आए युवक-युवतियों को आग के प्रकार, प्राथमिक अग्निशमन उपकरणों के प्रयोग, फायर ट्रेंगल, धुएं से बचाव और त्वरित राहत कार्यों की जानकारी दी गई।
अभियान का नेतृत्व सीएफओ रायबरेली/अमेठी श्री सुनील कुमार सिंह ने किया। अग्निशमन अधिकारी श्री शिवदरस प्रसाद ने टीम के साथ थ्योरी से लेकर प्रैक्टिकल तक सभी पहलुओं पर प्रशिक्षण दिया। ग्रामीणों को होज रील, ब्रांच पाइप और फायर बुलेट की सहायता से आग बुझाने का अभ्यास भी कराया गया।
प्रशिक्षण के दौरान अग्निशमन अधिकारी ने घर, अस्पताल, विद्यालय, पंडाल व खलिहान आदि स्थानों पर अग्नि सुरक्षा के 50 से अधिक बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की। इनमें सिगरेट-बीड़ी से परहेज, चूल्हे-स्टोव की सावधानियाँ, बिजली के कटे तार बदलने, गैस सिलेंडर लीकेज की स्थिति में सतर्कता, मोमबत्ती व पटाखों का सुरक्षित उपयोग, पंडालों में अग्नि सुरक्षा मानक, तथा खलिहान व फूस के मकानों में दूरी व सुरक्षा उपाय प्रमुख रहे।
इस अवसर पर प्रशिक्षक लीडिंग फायरमैन मोहम्मद शरीफ, विष्णु स्वरूप त्रिपाठी, चालक राजेन्द्र प्रसाद दूबे सहित राम प्रवेश, आशीष सिंह, अमित कुमार, शिवम कुमार, सौरभ, रोहित कुमार गौतम और उत्तमकान्त पाण्डेय ने भी प्रशिक्षण में सक्रिय योगदान दिया।




