पैतालिस दिवसीय प्रशिक्षण का भव्य समापन
बीस लाख तक ऋण लेकर स्वयं का व्यवसाय शुरू करने का आह्वान
जगदीशपुर–कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार के प्रायोजन तथा राष्ट्रीय कृषि विस्तार प्रबंधन संस्थान हैदराबाद के सक्रिय सहयोग से सेंटर ऑफ टेक्नोलॉजी एंड एंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट कार्यालय में आयोजित 45 दिवसीय बीते वर्ष पच्चीस नवम्बर से इस वर्ष आठ जनवरी उद्यमिता विकास एवं कृषि आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रम का भव्य समापन बाईस प्रतिभागियों की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को आत्मनिर्भर बनाते हुए स्वरोजगार के लिए प्रेरित करना रहा।
समापन समारोह की अध्यक्षता हेड एवं सीनियर साइंटिस्ट डॉ. नवनीत मिश्रा मुख्य अतिथि आर. आलम, सहायक निदेशक, हस्तशिल्प विभाग, लखनऊ रहे विशिष्ट अतिथियों में बैंक ऑफ बड़ौदा, जगदीशपुर के मुख्य प्रबंधक दिलीप कुमार, उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक, जाफरगंज के शाखा प्रबंधक अजय कुमार एवं CTED के डायरेक्टर संजय सिंह उपस्थित रहे अपने अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. नवनीत मिश्रा ने कहा कि तकनीकी शिक्षा के बिना समग्र विकास संभव नहीं है। तकनीकी ज्ञान के माध्यम से कृषि आधारित उद्योगों की स्थापना कर युवा न केवल अपना भविष्य सुरक्षित कर सकते हैं, बल्कि अन्य लोगों को भी रोजगार प्रदान कर सकते हैं मुख्य अतिथि आर. आलम ने कहा कि उद्यमिता का क्षेत्र चुनौतीपूर्ण अवश्य है, किंतु साहस, जोखिम उठाने की क्षमता, मेहनत और समर्पण के साथ कार्य करने पर सफलता निश्चित है। उन्होंने प्रतिभागियों से बीस लाख रुपये तक का ऋण लेकर अपना व्यवसाय प्रारंभ करने तथा अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार से जोड़ने का आह्वान किया दिलीप कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि यह प्रशिक्षण अत्यंत व्यावहारिक एवं उपयोगी है, जिसके माध्यम से प्रतिभागी कहीं भी अपनी उत्पादन इकाई स्थापित कर सकते हैं।
डायरेक्टर संजय सिंह ने कहा कि यह प्रशिक्षण प्रतिभागियों को सही दिशा देने एवं आत्मविश्वास बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से आग्रह किया कि वे शीघ्र बैंक से संपर्क कर ऋण प्रक्रिया प्रारंभ करें तथा इसकी सूचना संस्थान को दें, जिससे समय पर फाइलें अग्रेषित की जा सकें।
नोडल अधिकारी राकेश शुक्ला ने कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की और आह्वान किया कि आप अपना व्यवसाय शुरू करें आपको भरपूर मदद प्रदान की जाएगी
कार्यक्रम का संचालन करते हुए उदयनाथ ने 45 दिवसीय प्रशिक्षण की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की तथा प्रतिभागियों की प्रगति पर प्रकाश डाला। प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए प्रशिक्षण को अत्यंत लाभकारी बताया।
अंत में कार्यक्रम समन्वयक द्वारा सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया इस अवसर पर अंकिता, जयश्री, धीरेन्द्र, जितेन्द्र, चंदन, प्रदीप, आशीष, अफजल सहित अन्य प्रतिभागी उपस्थित रहे।




