प्रदेश में एलएसडी रोग पर प्रभावी नियंत्रण, 61.20 लाख डोज़ वैक्सीन उपलब्ध
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पशु एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि राज्य सरकार के प्रयासों से गोवंशीय पशुओं में लम्पी स्किन डिजीज (एलएसडी) का प्रभावी नियंत्रण पा लिया गया है। बिहार सीमा से लगे 11 जनपदों में यह रोग अधिक प्रभावित था, जबकि कुछ अन्य जनपदों में छिटपुट लक्षण पाए गए।
उन्होंने बताया कि एलएसडी की रोकथाम हेतु प्रदेश में 61.20 लाख डोज गोट पाक्स वैक्सीन उपलब्ध है और युद्धस्तर पर टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही, मुख्यमंत्री के निर्देश पर आईवीआरआई द्वारा विकसित लम्पी प्रोवैक वैक्सीन की 60 हजार खुराक भी मंगाई गई है, जिनका उपयोग पूर्वांचल के गोरखपुर व समीपवर्ती जनपदों में किया जा रहा है।
मंत्री ने बताया कि अब तक 1447 ग्रामों में बेल्ट वैक्सीनेशन और 2558 ग्रामों में रिंग वैक्सीनेशन कराया जा चुका है। प्रभावित 11 जनपदों में लगभग 9353 पशु संक्रमित हुए, जिनमें से 6769 का उपचार कर पूर्णतः स्वास्थ्य लाभ कराया गया है। शेष 2584 का उपचार जारी है।
रोग के प्रसार पर रोक के लिए सीमावर्ती जिलों में 10 किमी बेल्ट बनाकर टीकाकरण किया जा रहा है और बिहार सीमा से गोवंशों का आवागमन रोक दिया गया है। देवरिया व कुशीनगर में विशेष चिकित्सक दल भेजे गए हैं, जिनके प्रयासों से बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण पाया गया।
मंत्री ने बताया कि पूरे प्रदेश में निगरानी सेल, मोबाइल वेटेरिनरी वाहन (टोल फ्री नम्बर 1962) और ग्राम स्तर पर जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। किसी भी जानकारी के लिए विभाग का टोलफ्री नंबर 18001805141 जारी किया गया है।




