जनपद में रबी कृषि के लिए समस्त कृषि निवेश बीज, उर्वरक एवं कृषि रक्षा रसायन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध
किसान समस्या व शिकायत के लिए जिला कन्ट्रोल रूम के दूरभाष नम्बर-7839882412 पर करें सम्पर्क
अमेठी। जिला कृषि अधिकारी शशिकांत सिंह ने अवगत कराया है कि जनपद के किसानों को आगामी रबी सत्र हेतु कृषि निवेश सुगमता से उपलब्ध कराने हेतु उप निदेशक, अमेठी की अध्यक्षता में 10 अक्टूबर 2023 को उर्वरक, बीज एवं कृषि रक्षा रसायनों के सम्बन्ध में समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान उक्त बैठक में जिला कृषि अधिकारी रविकान्त सिंह, जिला कृषि रक्षा अधिकारी हरिओम मिश्रा, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबन्धक सहकारिता मित्रसेन वर्मा सहित क्षेत्रीय प्रबन्धक इफको शिशुपाल बैठक में उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि रबी सत्र में जनपद में यूरिया 36244 मी0टन, डी0ए0पी0 15283 मी0टन, एन0पी0के0 2040 मी0टन, म्यूरेट ऑफ पोटाश 876 मी0टन एवं सिंगल सुपर फास्फेट 3601 मी0टन की आवश्यकता है, जिसके सापेक्ष यूरिया 9356 मी0टन, डी0ए0पी0 8499 मी0टन, एन0पी0के0 781 मी0टन, म्यूरेट ऑफ पोटाश 108 मी0टन एवं सिंगल सुपर फास्फेट 1759 मी0टन उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में सभी कृषि निवेश बीज, उर्वरक एवं कृषि रक्षा रसायन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है तथा जनपद में किसानों को रबी सत्र में कृषि निवेश सम्बन्धी कोई भी समस्या या शिकायत होने पर जिला कृृषि अधिकारी, अमेठी के कार्यालय में स्थापित जिला कन्ट्रोल रूम के दूरभाष नम्बर-7839882412 पर सम्पर्क किया जा सकता है एवं क्षेत्रीय प्रबन्धक इफको द्वारा अवगत कराया गया कि 01 रैक इफको डी0ए0पी0 मात्रा 1800 मी0टन जनपद को इसी सप्ताह प्राप्त हो जायेगी। इस सम्बन्ध में सहायक निबन्धक सहकारिता द्वारा अवगत कराया गया कि जनपद की सभी साधन सहकारी समितियों पर उर्वरक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है एवं लगातार उर्वरक प्रेषण कराया जा रहा है तथा नैनो डी0ए0पी0 भी सभी समितियों एवं इफको केन्द्र पर उपलब्ध है। इस सम्बन्ध में उन्होंने बताया कि उप कृषि निदेशक, अमेठी द्वारा निर्देशित किया गया है कि कृषि निवेश बैठक को प्रत्येक मंगलवार अपरान्ह 03.00 बजे आयोजित की जाय तथा कृषि निवेश उपलब्ध कराने वाले निजी अथवा सहकारी संस्थानों द्वारा किसी भी प्रकार की अनियमितता करने पर तत्काल कड़ी कार्यवाही की जाय।




