अमेठी में चिकित्सा शिक्षा को मिली नई उड़ान, मेडिकल कॉलेज में शुरू हुई एमबीबीएस की पढ़ाई
रिपोर्टर रिंकी सिंह
तिलोई (अमेठी)। जनपद अमेठी के लिए चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में तिलोई स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की पढ़ाई शुरू हो चुकी है। शुक्रवार को जनपद प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण कर शैक्षणिक गतिविधियों, निर्माण कार्यों तथा उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को शेष निर्माण कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. योगेश यादव ने प्रभारी मंत्री को संस्थान की प्रगति से अवगत कराते हुए बताया कि कॉलेज में एमबीबीएस प्रथम वर्ष की पढ़ाई विधिवत प्रारंभ हो चुकी है तथा प्रथम बैच की सभी 100 सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण हो गई है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि मेडिकल कॉलेज परिसर में स्थापित 200 शैय्या युक्त रेफरल अस्पताल में मरीजों के लिए ओपीडी सेवाएं संचालित की जा रही हैं, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने लगी हैं।
प्रभारी मंत्री ने मेडिकल कॉलेज परिसर में निर्मित शैक्षणिक भवनों, छात्रावासों, प्रशासनिक भवनों एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण एजेंसियों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप समयबद्ध ढंग से पूरे किए जाएं, ताकि छात्रों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
कॉलेज में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए मंत्री ने उनकी पढ़ाई, आवास, पुस्तकालय, प्रयोगशाला एवं अन्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि चिकित्सा शिक्षा केवल एक पेशा नहीं, बल्कि मानव सेवा का सबसे बड़ा माध्यम है। उन्होंने छात्रों को समर्पण, अनुशासन और मेहनत के साथ अध्ययन कर समाज एवं राष्ट्र की सेवा के लिए प्रेरित किया।
प्रभारी मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि तिलोई मेडिकल कॉलेज का पूर्ण रूप से संचालित होना अमेठी जनपद के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। इससे न केवल जिले और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त होंगी, बल्कि स्थानीय युवाओं को चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में नए अवसर भी उपलब्ध होंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में आधारभूत संरचनाओं को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है और मेडिकल कॉलेज इसका उत्कृष्ट उदाहरण है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में यह संस्थान चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में स्थापित होगा तथा क्षेत्र के विकास को नई दिशा प्रदान करेगा।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी संजय चौहान, पुलिस अधीक्षक सरवणन टी., भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह सहित कई प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं मेडिकल कॉलेज के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।




