अखिलेश यादव की पुत्री पर आपत्तिजनक टिप्पणी मामले में सीएम योगी का बड़ा बयान
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की पुत्री को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कड़ा रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जैसे ही यह मामला उनके संज्ञान में आया, उन्होंने तत्काल एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए।
सीएम योगी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “बेटी का अपमान किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता। बेटी, बेटी होती है और सभी की बेटियां समान सम्मान की हकदार हैं।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज में महिलाओं और बेटियों के सम्मान के साथ किसी भी प्रकार की अभद्रता या अमर्यादित टिप्पणी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि कानून सभी के लिए समान है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि दूसरों को नसीहत देने से पहले अपने कार्यकर्ताओं को संस्कारित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में भाषा की मर्यादा बनाए रखना हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है।
सीएम योगी ने कहा, “यदि कोई व्यक्ति अपनी भाषा पर संयम नहीं रख सकता, तो ऐसे लोगों को कानून के हवाले कर देना चाहिए।”
मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। बेटियों के सम्मान और राजनीतिक मर्यादा को लेकर एक बार फिर चर्चा का माहौल बन गया है।




