उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने 14 लखपति दीदियों को लखनऊ से नई दिल्ली लालकिले पर आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में सम्मिलित होने के लिए किया रवाना
लखनऊ: 13 अगस्त देश की आज़ादी के राष्ट्रीय पर्व 15 अगस्त (स्वतंत्रता दिवस) को नई दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले पर आयोजित ध्वजारोहण समारोह की साक्षी बनने के लिए उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की विभिन्न जनपदों से चयनित 14 लखपति दीदियां रवाना हुईं। यह अवसर न केवल उनके जीवन की उपलब्धियों को सम्मानित करता है, बल्कि प्रदेश की ग्रामीण महिलाशक्ति की आत्मनिर्भरता का प्रतीक भी है।
उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को अपने कैम्प कार्यालय, 7-कालिदास मार्ग, लखनऊ से इन 14 लखपति दीदियों को हरी झंडी दिखाकर बस द्वारा रवाना किया। प्रत्येक दीदी के साथ उनके पति या एक सहयोगी भी दिल्ली यात्रा पर गए, जबकि राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़े दो विशेष प्रतिनिधि भी टीम के साथ शामिल हुए।
इस अवसर पर श्री मौर्य ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार प्रकट किया और दीदियों से संवाद कर उनके अनुभव व विचार साझा किए। उन्होंने लखपति बनने पर उन्हें सम्मान पत्र व अंगवस्त्र भेंट किए, बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि ये दीदियां स्वयं सहायता समूहों की अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं और उनसे प्रेरणा लेकर अन्य महिलाएं भी लखपति दीदी बनने का प्रयास करेंगी। रवाना होने से पहले उप मुख्यमंत्री ने उनके साथ तिरंगा यात्रा भी निकाली।
14 अगस्त को ये महिलाएं दिल्ली में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत भ्रमण करेंगी। उप मुख्यमंत्री ने ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि दीदियों की यात्रा, ठहराव एवं अन्य व्यवस्थाएं गरिमापूर्ण ढंग से सुनिश्चित की जाएं और उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि यह भागीदारी नारी सशक्तिकरण, सामूहिक शक्ति और आत्मनिर्भर भारत की भावना को नई ऊँचाई देगी।
राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत गठित स्वयं सहायता समूहों की इन विशेष अतिथि लखपति दीदियों में हरदोई से ममता जौहर, झांसी से निशा देवी, सुल्तानपुर से ललिता मौर्य, देवरिया से रेणु देवी, लखीमपुर खीरी से उमा देवी, रुचि वर्मा व सुनीता देवी, फतेहपुर से कांति देवी व लक्ष्मी देवी, मिर्ज़ापुर से शशिबाला सोनकर व राखी कृष्णा सिंह, संत कबीर नगर से विंद्रावती देवी व संतोषी देवी तथा सोनभद्र से निर्मला देवी शामिल हैं।




