चंबल घाटी बना कोतवाली क्षेत्र, पुलिस पस्त चोर मस्त
ताबड़तोड़ चोरियों से मचा हड़कंप, अफवाह बताकर पल्ला झाड़ रही पुलिस
जगदीशपुर, कोतवाली क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने ग्रामीणों की नींद हराम कर दी है। हालात ऐसे हैं कि लोग खुद को दहशत के साए में जीने को मजबूर पा रहे हैं। शाम ढलते ही गांवों में चौकसी और शोरगुल का माहौल बन जाता है। वहीं, पुलिस चोरी की वारदातों को अफवाह करार देकर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ रही है।
पुलिस कप्तान द्वारा लगातार थाना प्रभारियों को कानून व्यवस्था दुरुस्त रखने की सख्त हिदायत दिए जाने के बावजूद, जिम्मेदारों की उदासीनता के चलते चोरी की घटनाओं पर अंकुश नहीं लग पा रहा। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस मामलों को या तो फर्जी करार दे देती है या फिर एफआईआर दर्ज करने के बाद ठंडे बस्ते में डाल देती है। नतीजा यह है कि चोरों के हौसले बुलंद हैं और वे लगातार वारदात को अंजाम दे रहे हैं।
क्षेत्र में हाल के बड़े चोरी के मामले
13 जुलाई : मोहम्मद रईस की दुकान से दिनदहाड़े 21,720 रुपये चोरी।
05 अगस्त : सेंट्रल बैंक के सामने मोहम्मद रफीक की बाइक चोरी।
07 अगस्त : अजमत उल्ला के घर से 12,000 रुपये नकदी और जेवर चोरी।
08 अगस्त : अफ्सार के दरवाजे से बाइक गायब।
15 अगस्त : बाबदीन के घर से चार बकरा और दो बकरी चोरी।
24 अगस्त : अंजनी कुमार के घर से 4 लाख रुपये नकदी चोरी।
29 अगस्त : विन्ध्या प्रसाद के घर से नकदी व जेवर चोरी।
30 अगस्त : लियाकत के घर से नगदी व कीमती सामान चोरी।
31 अगस्त : रामदेव के घर से लाखों का सामान चोरी।
07 सितंबर : मोहम्मद जसीम के घर से जेवर और नकदी समेत लाखों का सामान चोरी।
ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस खुलासा करने के बजाय मामलों को दबाने में लगी है। यही वजह है कि अपराधियों का मनोबल सातवें आसमान पर है।
क्षेत्राधिकारी का बयान
इस मामले में क्षेत्राधिकारी ने बताया कि “मामला संज्ञान में है। चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए थाना प्रभारी को निर्देशित किया गया है। जांच-पड़ताल जारी है।”




