‘‘स्वच्छता ही सेवा’’ पखवाड़ा के अन्तर्गत ‘‘01 अक्टूबर को एक घण्टा स्वच्छता के लिए’’ के सफल क्रियान्वयन हेतु शासन द्वारा श्री पंकज कुमार प्रबंध निदेशक यूपीपीसीएल को नामित किया गया नोडल अधिकारी
मा0 प्रधानमंत्री के कचरा मुक्त भारत अभियान में जनपदवासी 01 अक्टूबर को एक घण्टा करें सामूहिक श्रमदान।
अमेठी। ‘‘स्वच्छता ही सेवा’’ पखवाड़ा के अन्तर्गत 01 अक्टूबर को एक घण्टा स्वच्छता के लिए’ कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन हेतु जिलाधिकारी राकेश कुमार मिश्र ने विभिन्न अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दायित्व बोध कराते हुए अभियान पर व्यापक प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि देश में अब तक की स्वच्छता यात्रा को प्रतिपादित करने वाले अभूतपूर्व जनआंदोलन के साथ, वर्ष 2021 में स्वच्छ भारत मिशन 2.0 की शुरूआत करके ऐतिहासिक स्वच्छ भारत मिशन में बड़ी प्रगति की परिकल्पना की गई है। अपशिष्ट का वैज्ञानिक प्रबंधन, सर्कुलर इकोनॉमी और अपशिष्ट से धन पर केंद्रित यह चरण मा0 प्रधानमंत्री के ‘कचरा मुक्त भारत’ के दृष्टिकोण के साथ विशेष रूप से रेखांकित किया गया है। स्वच्छ शहर और गांव बनाने हेतु सार्वजनिक कार्यों को प्रेरित करने के लिए, मा0 प्रधानमंत्री जी द्वारा 01 अक्टूबर, 2023 को सुबह 10 बजे सभी नागरिकों द्वारा सामूहिक रूप से स्वच्छता के लिए 01 घंटे के श्रमदान का आहवान किया गया है, जो बापू जी के लिए उनकी जयंती की पूर्व संध्या पर एक ‘स्वच्छांजलि’ होगी। इस स्वच्छता अभियान का मुख्य फोकस कूड़ा-करकट वाले संवेदनशील क्षेत्रों और अधिक आवाजाही वाले स्थानों पर वास्तविक रूप से सफाई गतिविधियों को करने पर होगा, ताकि उसके बाद गांव-शहर स्वच्छ दिखें। स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के अन्तर्गत 01 अक्टूबर, 2023 रविवार को ‘एक तारीख एक घण्टा स्वच्छता के लिए’ हर गांव, नगर निकाय आदि में आयोजन के पर्यवेक्षण व अनुश्रवण के लिए शासन स्तर से जनपद अमेठी के लिए श्री पंकज कुमार प्रबंध निदेशक यूपीपीसीएल को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। जो जनपद का 01 व 02 अक्टूबर, 2023 को भ्रमण कर स्वच्छता ही सेवा अभियान के क्रियान्वयन को सफल बनायेंगे। दिनांक 01 अक्टूबर, 2023 को सुबह 10ः00 बजे अधिकारियों/कर्मचारियों एवं नागरिकों द्वारा सामूहिक रूप से स्वच्छता के लिए 01 घण्टा का श्रमदान का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। उनके द्वारा दिनांक 02 अक्टूबर, 2023 को कचरा संवेदनशील स्थलों का निवारण कर उनके सौन्दर्यीकरण कार्यक्रम में प्रतिभाग किया जायेगा। वे नगर विकास विभाग द्वारा जारी शासनादेश दिनांक 26 सितम्बर, 2023 में दिए गए निर्देशों के अनुरूप कार्यवाही को सुनिश्चित कराते हुए सभी गतिविधियों के फोटो/वीडियो को जनपद प्रशासन द्वारा पोर्टल https://swachhtahatahiseve.com/ पर अपलोड कराएंगे। सफाई मित्रों का 02 अक्टूबर, 2023 को आयोजित सम्मान समारोह कार्यक्रम में भाग लेंगे। उक्त अभियान के अन्तर्गत किए जा रहे समस्त कार्यक्रमों का प्रचार-प्रसार सोशल मीडिया हैंडल के माध्यम से Tagline #HamaraSwachhUP के अन्तर्गत कराए जाए। कार्यक्रम में मा0 मंत्रीगण, मा० सांसद, मा0 विधायक, एवं अन्य स्थानीय जनप्रतिधियों द्वारा भी स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम में प्रतिभाग किया जायेगा।




