अंतिम बड़े मंगलवार पर उमड़ा आस्था का सैलाब, विशाल नगर भोज एवं छप्पन भोग भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
जगदीशपुर, अमेठी। ज्येष्ठ माह के अंतिम बड़े मंगलवार के पावन अवसर पर जगदीशपुर क्षेत्र में श्रद्धा, भक्ति और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला। भगवान श्रीहनुमान जी की कृपा एवं आशीर्वाद प्राप्त करने के उद्देश्य से आयोजित विशाल नगर भोज एवं छप्पन भोग भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर प्रसाद ग्रहण किया। पूरे दिन धार्मिक वातावरण से क्षेत्र भक्तिमय बना रहा।
प्रातः 11 बजे से प्रारंभ हुआ भंडारा देर रात्रि 11 बजे तक अनवरत चलता रहा। आयोजन स्थल पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। महिलाओं, पुरुषों, बुजुर्गों एवं युवाओं ने बड़ी संख्या में पहुंचकर भगवान बजरंगबली का पूजन-अर्चन किया तथा प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
इस भव्य धार्मिक आयोजन का सफल संचालन समाजसेवी एवं जिला पंचायत सदस्य सोनू यज्ञसैनी, भगवान दास, राम किशोर यज्ञसैनी एवं शालू यज्ञसैनी के सौजन्य से किया गया। आयोजकों द्वारा श्रद्धालुओं के लिए भोजन, पेयजल, बैठने एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा गया, जिसकी उपस्थित लोगों ने मुक्त कंठ से सराहना की।
कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेक सम्मानित जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, व्यापारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इनमें राजेश मसाला, मुन्ना सिंह, राकेश प्रताप सिंह, राजेश विक्रम सिंह, विजय विक्रम सिंह, आलोक तिवारी, सुधांशु शुक्ला, भगीरथी, सत्य प्रकाश मिश्रा, रजत मिश्रा, अंकित तिवारी, लवलेश तिवारी, राम प्रकाश शर्मा, कृष्णमोहन (पत्रकार), तेजभान सिंह, सुशील वैश्य, अनिल अवस्थी, अचल तिवारी तथा पंडित उत्कर्ष शर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
आयोजकों ने कहा कि बड़े मंगलवार का यह पावन पर्व सेवा, समर्पण और सामाजिक एकता का संदेश देता है। ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में आपसी भाईचारा और सद्भाव की भावना मजबूत होती है। क्षेत्रवासियों के सहयोग एवं श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति ने आयोजन को ऐतिहासिक और यादगार बना दिया।
रिपोर्टर कृष्ण मोहन




