
अमेठी। ई- डिस्ट्रिक्ट मैनेजर अमित विश्वकर्मा ने बताया कि जिलाधिकारी राकेश कुमार मिश्र व अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व/नोडल अधिकारी आईजीआरएस अर्पित गुप्ता के कुशल निर्देशन एवं अथक प्रयास से जनपद अमेठी को माह अगस्त 2023 की रैंकिंग में जनसुनवाई पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में प्रदेश में प्रथम स्थान मिला है। मा. मुख्यमंत्री जी द्वारा भी निर्देश दिये हैं कि जन शिकायतों के निस्तारण के प्रति गंभीर रहें तथा शिकायतों का समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित कराएं, जिसको लेकर जिलाधिकारी के निर्देशन में जनपदीय अधिकारियों द्वारा प्राप्त शिकायतों का समयबद्ब व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित कराया गया जिससे जनपद को यह अभूतपूर्व सफलता मिली है। उन्होंने बताया कि जनसुनवाई पोर्टल पर माह अगस्त में कुल 3491 संदर्भ प्राप्त हुए हैं, जिसके सापेक्ष अधिकारियों द्वारा 2465 संदर्भों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया गया है। तथा कोई भी शिकायत डिफाल्टर की श्रेणी में नहीं होने पाई एवं माननीय मुख्यमंत्री कार्यालय से किसी भी शिकायत को सी श्रेणी नहीं किया गया। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी व अपर जिलाधिकारी द्वारा नियमित रूप से जनसुनवाई पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा की जा रही है। जिले के सभी विभागों के अधिकारियों को जनसुनवाई पोर्टल में दर्ज शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित कराने की जिम्मेदारी दी गई है। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अर्पित गुप्ता द्वारा भी नियमित रूप से आइजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की मॉनिटरिंग की जाती है और संबंधित अधिकारियों को समय सीमा के अंतर्गत निस्तारण हेतु निर्देशित किया जाता है। आईजीआरएस टीम के ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर अमित विश्वकर्मा, कम्प्यूटर आपरेटर मनीष कुमार, राम सूरत व अजय के कुशल प्रयास से जनपद जन शिकायत निवारण प्रणाली में शिकायतों के निस्तारण में माह अगस्त 2023 में प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रथम स्थान आने पर जिलाधिकारी ने आइजीआरएस टीम व जनपदीय अधिकारियों/कर्मचारियों को बधाई दी




