मानक विहीन स्कूली वाहनों पर होगी सख्त कार्रवाई : एआरटीओ।
परमिट, फिटनेस एवं सुरक्षा उपकरण पूर्ण न होने पर वाहन किए जाएंगे सीज।
अमेठी। शासन के निर्देशों के क्रम में शुक्रवार को सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय अमेठी में जनपद के समस्त मान्यता प्राप्त विद्यालयों के प्रबंधकों एवं प्रधानाचार्यों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन विद्यालयों को विशेष रूप से शामिल किया गया जिनके द्वारा छात्र-छात्राओं के आवागमन हेतु परिवहन वाहनों का संचालन किया जाता है। बैठक के दौरान विद्यालयों में संचालित वाहनों के परमिट, फिटनेस, बीमा एवं प्रदूषण प्रमाणपत्र की समीक्षा की गई। जिन वाहनों के आवश्यक प्रपत्र समाप्त पाए गए, उन्हें तत्काल पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही सभी विद्यालय वाहनों में वीएलटीडी, सीसीटीवी कैमरा, जीपीएस, अग्निशमन यंत्र एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरण अनिवार्य रूप से लगाए जाने के निर्देश भी दिए गए। बैठक को संबोधित करते हुए महेन्द्र बाबू गुप्ता ने कहा कि जनपद में किसी भी स्थिति में मानक विहीन स्कूल वाहनों का संचालन नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने विद्यालय प्रबंधकों एवं प्रधानाचार्यों से अपील करते हुए कहा कि सभी वाहन निर्धारित मानकों एवं नियमों के अनुरूप ही संचालित किए जाएं। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि स्कूल वाहनों का संचालन करने वाले चालकों का चरित्र सत्यापन पुलिस विभाग से तथा ड्राइविंग लाइसेंस का सत्यापन परिवहन विभाग से अनिवार्य रूप से कराया जाए। एआरटीओ ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी विद्यालय द्वारा निर्धारित समयावधि के भीतर वाहनों के प्रपत्र पूर्ण नहीं कराए जाते हैं तो संबंधित वाहनों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें सीज किया जाएगा। इसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी संबंधित विद्यालय प्रबंधन की होगी। बैठक में जिला बेसिक शिक्षा विभाग, उप सम्भागीय परिवहन कार्यालय अमेठी के कर्मचारी तथा जनपद के विभिन्न विद्यालयों के प्रबंधक एवं प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।



